Breaking News

तीसरे टी20 में एमएस धोनी का ये रिकॉर्ड तोड़ देंगे कोहली! केएल राहुल के पास भी इतिहास रचने का मौका


हैमिल्टन. भारतीय क्रिकेट टीम (Indian Cricket Team) न्यूजीलैंड (New Zealand) के खिलाफ सीरीज जीतने की दहलीज पर खड़ी है. विराट कोहली (Virat Kohli) की अगुआई में टीम ने पांच मैचों की टी20 सीरीज में 2-0 की बढ़त हासिल कर ली है. टीम ने ऑकलैंड में हुए शुरुआती दोनों मैचों में जीत हासिल की और अब दोनों टीमों ‌की भिड़ंत हैमिल्टन के सेडन पार्क में होगी. भारतीय टीम (Indian Team) अगर ये मैच भी जीत लेती है तो ये पहला मौका होगा जब टीम न्यूजीलैंड में टी20 सीरीज पर कब्जा जमाएगी. जहां विराट कोहली के पास इस मुकाबले में बतौर भारतीय कप्तान सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने के मामले में एमएस धोनी (MS Dhoni) को पछाड़ने का मौका होगा, वहीं केएल राहुल (KL Rahul) की नजरें भी लगातार चौथा अर्धशतक लगाने पर होंगी.
धोनी को पीछे छोड़ने से 25 रन दूर हैं विराट कोहली
भारत और न्यूजीलैंड (India vs New Zealand) के बीच हैमिल्टन (Hamilton) में 29 जनवरी को खेले जाने वाले मुकाबले में भारतीय कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli) और केएल राहुल (KL Rahul) विशेष कीर्तिमान बनाने की कोशिश में होंगे. दरअसल, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज महेंद्र सिंह धोनी (Mahendra Singh Dhoni) लंबे समय से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर हैं, लेकिन उनका रिकॉर्ड विराट कोहली से ज्यादा दूर नहीं रह गया है. विराट कोहली बतौर कप्तान सबसे ज्यादा टी20 रन बनाने के मामले में महेंद्र सिंह धोनी से महज 25 रन ही दूर हैं. धोनी के नाम बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में 1112 रन का भारतीय रिकॉर्ड है. विराट कोहली इस मामले में धोनी को पछाड़ने से महज 25 रन दूर हैं. इस सूची में दुनियाभर के बल्लेबाजों की बात करें तो साउथ अफ्रीका के फाफ डुप्लेसी के नाम 1273 व न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियम्सन के नाम 1148 रन दर्ज हैं.


एक अर्धशतक लगाते ही वर्ल्ड रिकॉर्ड हो जाएगा विराट के नाम
विराट कोहली (Virat Kohli) जिस तरह की फॉर्म में हैं, ऐसा लगता नहीं है कि उन्हें धोनी (Ms Dhoni) का रिकॉर्ड तोड़ने में ज्यादा मुश्किल पेश आएगी. यहां तक कि वे एक मामले में तो वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने की दहलीज पर भी हैं. दरअसल, फाफ डुप्लेसी और केन विलियम्सन के साथ ही विराट कोहली भी बतौर कप्तान टी20 क्रिकेट में आठ अर्धशतक लगा चुके हैं. अगर वह हैमिल्टन टी20 में अर्धशतक लगा देते हैं तो फिर वह टी20 क्रिकेट में नौ अर्धशतक लगाकर वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लेंगे. वैसे टी20 क्रिकेट में विराट के नाम 24 अर्धशतक है. विराट कोहली फिलहाल टी20 क्रिकेट में सर्वाधिक 2745 रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. उन्होंने ये रन 80 मैचों में 51.79 की औसत से बनाए हैं.


लगातार चौथे अर्धशतक पर राहुल की निगाहें
वहीं, भारतीय ओपनर केएल राहुल (KL Rahul) भी जबरदस्त लय में चल रहे हैं. वह टी20 क्रिकेट में लगातार तीन अर्धशतक लगा चुके हैं. ऑकलैंड में दूसरे टी20 मैच में उन्हें नाबाद अर्धशतक के लिए मैन ऑफ द मैच भी चुना गया था. अब अगर केएल राहुल हैमिल्टन में 29 जनवरी को खेले जाने वाले तीसरे टी20 मैच में भी अर्धशतक लगा देते हैं तो वह फटाफट क्रिकेट में लगातार चार अर्धशतक बनाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन जाएंगे. राहुल इस प्रारूप्‍ में 11 अर्धशतक लगा चुके हैं.