Breaking News

टीम इंडिया के पास न्यूजीलैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीतने का मौका, ये होगी प्लेइंग इलेवन!

हैमिल्टन. ऑकलैंड में खेले गए पहले टी20 में 6 विकेट से जीत, दूसरे टी20 में 7 विकेट से जीत. न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की सीरीज के पहले दो टी20 मैच टीम इंडिया ने बड़े आराम से जीत लिये और अब बुधवार को हैमिल्टन (Hamilton T20I) में होने वाले मैच में उसके पास न्यूजीलैंड में पहली बार टी20 सीरीज जीतने का मौका है. इससे पहले दो अवसरों पर भारतीय टीम यह उपलब्धि हासिल करने में नाकाम रही थी. भारत 2008-09 में महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई में 0-2 से जबकि पिछले साल 1-2 से श्रृंखला हार गया था.



भारत की फॉर्म बना रही है जीत का दावेदार
भारत की यह टीम अभी बेहतरीन फॉर्म में है और 2019 वनडे विश्व कप के बाद उसने जो पांच टी20 श्रृंखलाएं खेली हैं उनमें उसने शानदार प्रदर्शन किया है. इनमें वर्तमान श्रृंखला भी शामिल हैं. इस बीच उसने केवल दक्षिण अफ्रीका (South Africa) के खिलाफ श्रृंखला नहीं जीती. यह श्रृंखला 1-1 से बराबर छूटी थी जबकि एक मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था. हालांकि टी20 क्रिकेट में अच्छी फॉर्म में होने के बावजूद आईसीसी रैकिंग में उसकी स्थिति में कोई खास बदलाव नहीं आया. भारत अभी टी20 रैंकिंग में पांचवें स्थान पर है और उसे चौथे स्थान पर पहुंचने के लिये वर्तमान श्रृंखला 5-0 से जीतनी होगी. न्यूजीलैंड अभी छठे स्थान पर है जबकि पाकिस्तान, ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका रैंकिंग तालिका में भारत से आगे हैं.


भारत समेत सभी टीमों की निगाह ऑस्ट्रेलिया में इस साल के आखिर में होने वाले टी20 विश्व कप पर है लेकिन टीम प्रबंधन को विश्वास है कि इस महत्वपूर्ण टूर्नामेंट से पहले सही समय पर सारी चीजें ढर्रे पर आ रही हैं. केएल राहुल और श्रेयस अय्यर के विशेषकर इस दौरे में प्रदर्शन से इन चीजों को बल मिला है.

तीसरे टी20 में बदलाव मुश्किलतीसरे मैच के लिये भारतीय टीम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है. मंगलवार को वैकल्पिक अभ्यास का दिन था और कप्तान विराट कोहली (Virat Kohli), केएल राहुल, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी और जसप्रीत बुमराह ने इसमें भाग नहीं लिया. टीम प्रबंधन उन खिलाड़ियों के साथ काम कर रहा है जिन्हें श्रृंखला में अभी तक खेलने का मौका नहीं मिला है. रवि शास्त्री ने वॉशिंगटन सुंदर पर ध्यान दिया जबकि बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के साथ व्यस्त थे. इन दोनों को हालांकि बुधवार को भी मौका मिलने की संभावना नहीं है.

कुलदीप यादव (Kuldeep Yadav) पहले दो मैचों में नहीं खेले थे और ऐसा मैदान छोटा होने के कारण किया गया था. छोटे मैदान पर बल्लेबाज उन्हें आसानी से निशाना बन सकते थे. चहल ने इस बीच बहुत अच्छी गेंदबाजी की, अब मैच बड़े मैदानों पर खेले जाएंगे और देखना होगा कि कुलदीप की वापसी होती या नहीं है. वैसे चहल और यादव की एक साथ खेलने की संभावना कम है.



न्यूजीलैंड की कहानी
जहां तक न्यूजीलैंड का सवाल है तो कॉलिन डी ग्रैंडहोम के पास प्रभाव छोड़ने का यह आखिरी मौका होगा. अंतिम दो टी20 के लिये बल्लेबाज टॉम ब्रूस इस ऑलराउंडर की जगह लेंगे. ग्रैंडहोम इस श्रृंखला में बल्लेबाज के तौर पर खेले लेकिन उन्होंने शून्य और तीन रन बनाये. भारत के पहले दो मैचों में सफलतापूर्वक लक्ष्य हासिल करने के बावजूद न्यूजीलैंड गेंदबाजों के प्रदर्शन से चिंतित नहीं है. उसकी सबसे बड़ी चिंता भारतीय गेंदबाजों विशेषकर जसप्रीत बुमराह से निपटना है. दोनों मैचों में उसके बल्लेबाज बुमराह की गेंदों को समझने में नाकाम रहे थे.

सेडान पार्क में न्यूजीलैंड का अच्छा रिकॉर्ड
न्यूजीलैंड का वैसे सेडान पार्क में रिकॉर्ड अच्छा रहा है. यहां अभी तक उसने जो नौ टी20 खेले हैं उनमें से सात में उसने जीत दर्ज की. वह भारत को अजेय बढ़त हासिल करने से रोकने की कोशिश करेगा.



भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन- विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा, केएल राहुल (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, मोहम्मद शमी, जसप्रीत बुमराह, शार्दुल ठाकुर.

न्यूजीलैंड की संभावित प्लेइंग इलेवन- केन विलियमसन (कप्तान), मार्टिन गप्टिल, रॉस टेलर, कॉलिन मुनरो, कॉलिन डी ग्रैंडहोम, मिचेल सेंटनर, टिम सिफर्ट (विकेटकीपर), ईश सोढ़ी, टिम साउथी, हैमिश बेनेट, ब्लेयर टिकनर.