गरीब-भूखे बच्चे को देख पिघला इस भारतीय क्रिकेटर का दिल, मैदान पर खिलाने लगा खाना

नई दिल्ली. अकसर क्रिकेट खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से सुर्खियों में आते हैं लेकिन बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज इकबाल अब्दुल्लाह (Iqbal Abdulla) अपनी दरियादिली की वजह से खबरों में आ गए हैं. इकबाल अब्दुल्लाह की एक तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसमें वो एक गरीब और भूखे बच्चे को मैदान पर खाना खिला रहे हैं. इकबाल अब्लुदुल्लाह की बच्चे के साथ वायरल हो रही ये तस्वीर किसी को भी भावुक कर सकती है.
ट्रेनिंग कर रहे थे इकबाल
इकबाल अब्दुल्लाह (Iqbal Abdulla) इन दिनों रणजी ट्रॉफी खेलने में व्यस्त हैं और वो मैदान पर प्रैक्टिस कर रहे थे. तभी उन्हें एक गरीब बच्चा नजर आया और उन्होंने उसे अपने पास बुलाया. गरीब बच्चा भूखा था और इकबाल अब्दुल्लाह ने उनके लिए खाने के लिए मंगाया और साथ ही उसे चाय पिलाई. दिलचस्प बात ये थे कि अब्दुल्लाह बच्चे को अपने हाथों से चाय पिलाते दिखे.
इकबाल अब्दुल्लाह का करियर
बता दें इकबाल अब्दुल्लाह (Iqbal Abdulla) यूपी के आजमगढ़ के रहने वाले हैं. इकबाल ने भले ही अबतक भारतीय टीम के लिए डेब्यू नहीं किया है लेकिन उन्होंने अपने करियर में अबतक 63 फर्स्ट क्लास मैच, 87 लिस्ट ए मैच और 94 टी20 मैच खेले हैं. इकबाल अब्दुल्लाह के नाम 186 फर्स्ट क्लास विकेट, 121 लिस्ट ए विकेट और 81 टी20 विकेट हैं.
इकबाल (Iqbal Abdulla) ने आईपीएल में भी अपना जलवा दिखाया है. वो कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स, रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की टीम का हिस्सा रहे हैं. आईपीएल के 49 मैचों में इकबाल ने 40 विकेट झटके हैं और उनका इकॉनमी रेट महज 7.23 रहा है. हालांकि इकबाल पिछले तीन सालों से आईपीएल से बाहर हैं. उन्होंने अपना आखिरी मैच रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए साल 2017 में खेला था. साल 2012 में इकबाल आईपीएल जीतने वाली कोलकाता नाइट राइडर्स टीम के सदस्य थे.
फिलहाल इकबाल अब्दुल्लाह (Iqbal Abdulla) सिक्किम के लिए रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं. वो अबतक सिक्किम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. इकबाल ने 7 पारियों में 46.42 के बेहतरीन औसत से 325 रन बनाए हैं. उनके नाम 7 पारियों में 8 विकेट भी हैं.
