भोजपुरी सुपरस्टार 'निरहुआ' का खुलासा- मेरी वजह से 1 बार और आम्रपाली दुबे के लिए 49 बार देखी गई ये फिल्म...

भोजपुरी सुपरस्टार (Bhojpuri Superstar) दिनेश लाल यादव 'निरहुआ' (Dinesh Lal Yadav aka nirahua) लॉकडाउन के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (CM Yogi Adityanath) के जीवन पर फिल्म बनाने जा रहे हैं. फिल्म को भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे (Amrapali Dubey) प्रोड्यूस करने वाली हैं. इस बात से सभी वाकिफ है कि बड़े पर्दे पर निरहुआ और आम्रपाली दुबे की जोड़ी को बेहद पसंद किया जाता है. दोनों जिस भी फिल्म और गाने में साथ नजर आते हैं वे सुपरहिट हो जाते हैं.
हाल ही में लाइव हिन्दुस्तान से हुई बातचीत में निरहुआ ने आम्रपाली दुबे संग अपनी कैमेस्ट्री के बारे में बात करते हुए कहा,' साल 2014 में मेरी और आम्रपाली की फिल्म 'निरहुआ हिंदुस्तानी' रिलीज हुई थी. उस फिल्म को लोगों ने खूब प्यार दिया. लोग हमें कहते थे वे इस फिल्म को देखने बार-बार आ रहे हैं.'
उन्होंने एक किस्सा शेयर करते हुए कहा,' एक बाद हमसे थियेटर के एक मेंबर ने कहा कि आप इस बच्चे से पूछिए कि उन्होंने यह फिल्म कितनी बार देखी है. तो उस बच्चे ने कहा, हमने एक बार फिल्म आपके लिए देखी और बाकी 49 बार आम्रपाली दुबे को देखने के लिए देखी.' उन्होंने आगे कहा,' दर्शकों से मिले शानदार रिस्पॉन्स के बाद हमने एक साथ कई फिल्में की. डायरेक्टर्स- प्रोड्यूर्स को भी हमारी जोड़ी पसंद आई तो उन्होंने हमारे साथ कई फिल्में बनाईं और सभी हिट साबित हुई.'
हाल ही में नवभारत टाइम्स के फेसबुक लाइव के दौरान निरहुआ ने यह एलान किया था कि लॉकडाउन के बाद वह योगी की जिंदगी पर आधारित फिल्म पर काम शुरू कर देंगे. निरहुआ ने कहा, 'यह सौभाग्य की बात है. योगी आदित्यनाथ का जीवन ऐसा है कि सभी को उससे सबक लेना चाहिए. एक महंत से आज प्रदेश के मुखिया तक. उनकी जर्नी सबके सामने होनी चाहिए. यह मेरे लिए गर्व की बात होगी कि मैं उन पर फिल्म बनाऊं और उनका किरदार खुद निभाऊं.'
वहीं, भोजपुरी सुपरस्टार खेसारी लाल यादव ने बीते दिन एक इंटरव्यू में कहा था कि अब भोजपुरी इंडस्ट्री में कुछ बदलाव की जरूरत समझ आ रही है. उनके अनुसार समय बदल चुका है और ऐसे में उन्हें भी अपने तरीकों में बदलाव करना होगा. उनका कहना है कि अब वह भोजपुरी इंडस्ट्री को मॉडर्न बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा कि,' फिलहाल तो देश में लॉकडाउन है और सब कुछ बंद है. लेकिन जैसे ही लॉकडाउन खुलता है मैं खुद को भी बदलूंगा और इस इंडस्ट्री में भी बदलाव की शुरुआत करूंगा. उन्होंने ये भी कहा था लॉकडाउन के बाद वह इसकी शुरुआत 'कबीर सिंह' फिल्म करेंगे.