Breaking News

यूपी-बिहार में बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत, अगले 72 घंटों के लिए बारिश का अलर्ट


डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। देश में कोरोना संकट के दौरान कुदरत का कहर भी जारी है। मानसून के शुरू होते ही लोगों को आसमानी आफत का सामना करना पड़ रहा है। भारी बारिश के कारण उत्तर प्रदेश, बिहार और असम राज्य सबसे ज्यादा प्रभावित हुए हैं। बीते दो दिनों में यूपी और बिहार में बारिश के साथ बिजली गिरने से 107 लोगों की मौत हो गई, कई लोग घायल भी हुए हैं। इन राज्यों के सैकड़ों गांवों में बाढ़ जैसे हालात हैं। कई नदियों का जलस्तर खतरे के निशान के ऊपर तक गया है।

पूरे देश में पहुंचा मानसून- मौसम विभाग
मौसम विभाग ने शुक्रवार को बिहार के 38 जिलों में अगले 72 घंटों तक के लिए गरज के साथ भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसका ज्यादा प्रभाव उत्तर एवं मध्य बिहार के पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सिवान, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, शिवहर, सीतामढी, दरभंगा, सारण, मधुबनी, सुपौल, मधेपुरा, पूर्णिया, अररिया, सहरसा, किशनगंज और कटिहार में पड़ने की संभावना है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वहीं मौसम विभाग ने भी बताया है कि, इस साल सामान्य से 12 दिन पहले ही मानसून पूरे देश में पहुंच गया है।