बिहार में आकाशीय बिजली गिरने से 83 लोगों की मौत, कई घायल
- 23 जिलों में बिजली गिरने से मानवीय क्षति
- गोपालगंज में सबसे ज्यादा 13 लोगों की मौत
बिहार के 23 जिलों में आकाशीय बिजली गिरने से मानवीय क्षति हुई है. सबसे ज्यादा मौत गोपालगंज में हुई जहां पर 13 लोग मारे गए. जबकि मधुबनी और नबादा में 8-8 लोग मारे गए. इस घटना को लेकर पीएम मोदी ने भी अपनी संवेदना जाहिर की है. पीएम मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारी बारिश और आकाशीय बिजली गिरने से कई लोगों के निधन का समाचार मिला, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी संवेदना प्रकट करता हूं.
इस बीच राज्य सरकार ने इस प्राकृतिक आपदा में मारे गए सभी लोगों के परिजनों के लिए 4-4 लाख की सहायता राशि देने का ऐलान किया है.
बिहार में 8 जिले ऐसे हैं जहां पर कम से कम 5 लोगों की मौत हुई है. ये जिले हैं गोपालगंज, पूर्वी चंपारण, सिवान, बांका, दरभंगा, भागलपुर के अलावा मधुबनी और नबादा. कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी इस घटना को लेकर अपनी संवेदना जाहिर की है. उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं से मेरी अपील है कि पीड़ित परिवारों की हरसंभव मदद करें.
