Breaking News

कोरोना: फ़िल्मों और सीरियल की शूटिंग शुरू मगर डरे हुए हैं कलाकार

भारत में बढ़ते कोरोना वायरस के ख़तरे और पूरे देश में लॉकडाउन की वजह से मनोरंजन जगत बुरी तरह प्रभावित हुआ है. फ़िल्में, टेलीविज़न और वेब सीरीज़ की शूटिंग रुकी हुई हैं.
शूटिंग बंद हुए दो महीने से ज़्यादा का वक़्त हो गया है, लेकिन अब महाराष्ट्र सरकार ने कुछ नए नियमों और शर्तों के साथ शूटिंग करने की इजाज़त दे दी है.
नए नियमों में कई बदलाव किये गए है. सबसे बड़ा बदलाव है कलाकारों के अभिनय करने की उम्र तय करना. अब 65 साल की उम्र के कलाकारों के लिए मनोरंजन जगत में काम करना मुश्किल हो रहा है.
नए नियम-कायदों से सब सहमत हैं लेकिन अपत्ति है तो बस इतनी की कलकारों को उम्र के दायरे में नहीं बंधा जाना चाहिए.

'रोज़ी-रोटीकमाने का हक़ ना छीनें'

अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए अभिनेता रज़ा मुराद कहते हैं, "जितने भी लोग इस वायरस से संक्रमित हुए हैं वो बच्चें हैं, नौजवान हैं और बुज़र्ग भी है और कई बुज़ुर्ग तो ठीक हो गए हैं. तो बजाय इसके कि आप हमें काम करने से रोकें, आप हमसे फ़िटनेस सर्टिफिकेट मांगिए, अगर फिटनेस सर्टिफ़िकेट एक सर्टिफ़ाइड डॉक्टर जारी कर देता है तो आप हमें काम करने दें."
रज़ा मुराद कहते हैं, " मैं दरख़्वास्त करूँगा हर किसी को अपनी रोज़ी-रोटी कमाने का हक़ है, हमें भी है. हम भी चार महीने से घर मैं बैठे हैं. हम ख़र्च करते जा रहे हैं, लेकिन हमारे पास कुछ आ नहीं रहा है. बात सिर्फ़ पैसों की नहीं है, बात काम करते रहने के हक़ की है. मैं यही दरख़्वास्त करूँगा कि इस फ़ैसले पर महाराष्ट्र सरकार फिर से सोचे."