पाकिस्तान के इस दिग्गज कप्तान ने अपने ही देश में हो रहे कोरोना टेस्ट को बताया फर्जी

पाकिस्तान की टीम को मंगलवार को उस वक्त झटका लगा, जब उसके 10 खिलाड़ी कोरोना पॉजिटिव पाए गए. हालांकि बुधवार को इससे बड़ी चौंकाने वाली खबर सामने आई. ऑलराउंडर मोहम्मद हफीज ने दावा किया कि उन्होंने घर जाकर खुद अपना कोरोना टेस्ट कराया और वो उसमें नेगेटिव पाए गए हैं. इस घटना के बाद पाकिस्तान के पूर्व कप्तान राशिद लतीफ (Rashid Latif) ने पाकिस्तान में होने वाले कोरोना टेस्ट पर ही सवाल खड़े कर दिये हैं.
राशिद लतीफ ने कह दी बड़ी बात
राशिद लतीफ (Rashid Latif) ने एक यूट्यूब चैनल पर कहा, ' मैं पाकिस्तान की टेस्ट किट पर विश्वास नहीं करता. बाहर ले जाकर खिलाड़ियों का टेस्ट कराएं. जो सही हैं उन्हें मौका दें. हमारे यहां गलत मशीनें मिलती हैं. पीसीआर टेस्ट मशीन भी कई तरह की हैं. मुझे पीसीआर टेस्ट पर विश्वास नहीं है.' राशिद लतीफ ने साथ ही पीसीबी के गैरपेशेवर रवैये का भी आरोप लगाया.
मंगलवार को कोरोना पॉजिटिव पाए जाने वाले हफीज (Mohammad Hafeez) ने बुधवार को ट्विटर पर साफ किया कि उनका और उनके परिवार के सदस्यों के परीक्षण ‘नेगेटिव’ आये हैं और अपने दावे के सबूत में उन्होंने मेडिकल रिपोर्ट भी पोस्ट की है. उन्होंने ट्वीट किया, 'पीसीबी परीक्षण की कल की रिपोर्ट में कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाये जाने के बाद मैं दूसरी राय के तौर पर और अपने संतोष के लिये खुद ही अपने परिवार के सदस्यों के साथ परीक्षण करवाने के लिये गया और हमारी रिपोर्ट नेगेटिव आयी है. अल्लाह हम सभी को सुरक्षित रखे.'