Breaking News

विवादित सीन के बाद एकता कपूर ने कहा- चुप रहें ट्रोल, मैं आर्मी से माफ़ी मांग लूंगी


बॉलीवुड की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर इन दिनों अपनी एक वेब सीरीज़ की वजह से चर्चा में हैं. 'XXX 2' नाम की इस वेब सीरीज़ के एक विवादित सीन की वजह से एकता के ख़िलाफ़ FIR भी दर्ज कराई गई है. इसके साथ ही एकता को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया जा रहा है.
अब इस विवाद पर एकता ने अपनी चुप्पी तोड़ते हुए ट्रोलर्स की क्लास लगाई है. एकता ने एक वीडियो इंटरव्यू के दौरान कहा, "मैं इंडियन आर्मी की बहुत इज़्ज़त करती हूं हमारी देश की सुरक्षा में आर्मी का बहुत ज़्यादा योगदान है. अगर आर्मी के किसी भी संगठन से माफी मांगने की बात आती है तो मैं इसके लिए तैयार हूं."
एकता ने आगे कहा, "लेकिन मैं सोशल मीडिया पर मिलने वाली धमकियों और कुछ बदमाशों की अभद्र भाषा से डरने वाली नहीं हूं. आज मैं जहां हूं वहां कल कोई दूसरी महिला हो सकती है. अब ये आर्मी के बारे में या सेक्सुअल कंटेंट के बारे में नहीं है. मेरी मां और परिवार को रेप की धमकी तक मिल रही है, जो कि सरासर गलत है. ट्रोल्स के हिसाब से सेक्स ग़लत है और रेप करना सही है."
बता दें कि एकता कपूर की 'XXX 2' वेब सीरीज़ के ख़िलाफ़ बिग बॉस फेम हिन्दुस्तानी भाऊ ने मोर्चा खोला था. उन्होंने इस वेब सीरीज़ के एक विवादित सीन पर आपत्ति जताते हुए एकता और उनकी मां शोभा कपूर के ख़िलाफ़ मुंबई के खार पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई थी. इस विवादित सीन में आर्मी जवान बॉर्डर पर देश सेवा के लिए जाता है, तो उसकी गैरमौजूदगी में पत्नी अपने बॉयफ्रेंड को घर पर बुलाती है और उसे सेना की वर्दी पहनाती है. इसके बाद उसके साथ इंटिमेट होने के दौरान यूनिफॉर्म को फाड़ती है.
इस विवादित सीन की वजह से एकता ट्रोल्स के निशाने पर आ गईं थी और उन्हें साइबर बुलिंग का सामना करना पड़ा था.